सोलन मंडी में अर्ली वैरायटी सेब के साथ नाशपाती की दस्तक, टाइडमैन सेब से महंगी बिकी नाशपाती 

फल मंडी सोलन में अर्ली वैरायटी सेब के साथ नाशपाती ने भी दस्तक दे दी है। इसमें नाशपाती टाइडमैन सेब से महंगी बिकी। नाशपाती का एक बॉक्स (20 किलो) 1600 रुपये तक बिका है। जबकि टाइडमैन सेब के 20 किलो के बाॅक्स को 1400 रुपये तक दाम मिले

Jul 23, 2024 - 13:18
 0  44
सोलन मंडी में अर्ली वैरायटी सेब के साथ नाशपाती की दस्तक, टाइडमैन सेब से महंगी बिकी नाशपाती 

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन    23-07-2024

फल मंडी सोलन में अर्ली वैरायटी सेब के साथ नाशपाती ने भी दस्तक दे दी है। इसमें नाशपाती टाइडमैन सेब से महंगी बिकी। नाशपाती का एक बॉक्स (20 किलो) 1600 रुपये तक बिका है। जबकि टाइडमैन सेब के 20 किलो के बाॅक्स को 1400 रुपये तक दाम मिले। 

हालांकि गाला किस्म का सेब 90 रुपये प्रति किलो तक बिका। सेब मंडी में सेब और नाशपाती पहुंचने से दोबारा रौनक लौट आई है। हालांकि अभी सिर्फ कुछ इलाकों से ही सेब और नाशपाती की खेप पहुंच रही है। एक सप्ताह बाद सोलन और परवाणू मंडी में आवक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। 

जानकारी के अनुसार अभी सेब की खरीद के लिए आढ़ती भी बहुत कम पहुंच रहे हैं। यहां चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत अन्य राज्यों से आढ़ती सेब खरीद के लिए पहुंचते हैं।

मंडी में पहले टाइडमैन, स्पर किस्म का सेब मंडी में पहुंच रहा था। लेकिन अब रेड डिलीशियस, गाला किस्म पहुंचना भी शुरू हो गई है। अगस्त में रॉयल सेब पहुंचेगा। वर्तमान में फल मंडी सोलन व परवाणू सेब मंडी में पहुंच रहे सेब का आकार छोटा है। कुछ एक जगह से कच्चा सेब भी पहुंच रहा है। हालांकि बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। 

सब्जी मंडी समिति के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि सोलन और परवाणू सेब मंडी में शिमला के विभिन्न क्षेत्रों से सेब और नाशपाती आनी शुरू हो गई है। अभी तक 4,000 बॉक्स सेब के पहुंच चुके हैं। आगामी दिनों में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। टमाटर के दाम भी स्थिर हैं, 800 से 1400 रुपये तक क्रेट के दाम मिल रहे हैं। उन्होंने बागवानों से अपील की कि वह अपने उत्पाद को ग्रेड कर मंडी पहुंचाएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow