एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सामान्य, कालाबाजारी व जमाखोरी पर कड़ी निगरानी

Mar 30, 2026 - 15:51
 0  14
एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सामान्य, कालाबाजारी व जमाखोरी पर कड़ी निगरानी
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता  न्यूज़ - शिमला    30-03-2026

जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जिला शिमला नरेंदर धीमान ने आज यहां बताया कि जिला शिमला में वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर स्थिति सामान्य एवं नियंत्रित बनी हुई है। 

यद्यपि राष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न परिस्थितियों के कारण एलपीजी आपूर्ति पर कुछ प्रभाव पड़ा है, परन्तु जिला में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है तथा पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्व की भांति नियमित रूप से की जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को भी सुचारू किया गया है तथा अब व्यावसायिक  सिलेंडर की आपूर्ति 50 प्रतिशत आरम्भ कर दी गई है| जिला के होटल, रेस्तरां एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पर्याप्त मात्रा में व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। 

उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि वे घरेलू सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए न करें तथा ईंधन के वैकल्पिक साधनों का भी उपयोग करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों, होटलों एवं रेस्तरां में निरीक्षण कर कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि कि अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों या पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद एवं भंडारण न करें, जिससे कृत्रिम कमी उत्पन्न न हो। घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही करें तथा निर्धारित समयावधि (लगभग 25 दिन) के पश्चात ही पुनः बुकिंग करें।

जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति हेतु रूट चार्ट निर्धारित किया गया है तथा होम डिलीवरी एवं पिकअप प्वाइंट्स के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं से आग्रह है कि वे निर्धारित समय एवं स्थान पर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें तथा गैस एजेंसियों के गोदामों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें।

सभी नागरिकों से शांति एवं संयम बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की जाती है, ताकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow