जनगणना-2027 में पहली बार लोगों को स्मार्टफोन, इंटरनेट, कंप्यूटर और लैपटॉप की भी देनी होगी जानकारी
प्रदेशभर में 12 मई से शुरू होने जा रही जनगणना-2027 में पहली बार लोगों को स्मार्टफोन, इंटरनेट, कंप्यूटर और लैपटॉप आदि की भी जानकारी देनी होगी। इसके अलावा परिवार के उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज की भी जानकारी जनगणना में शामिल होगी
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 03-03-2026
प्रदेशभर में 12 मई से शुरू होने जा रही जनगणना-2027 में पहली बार लोगों को स्मार्टफोन, इंटरनेट, कंप्यूटर और लैपटॉप आदि की भी जानकारी देनी होगी। इसके अलावा परिवार के उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज की भी जानकारी जनगणना में शामिल होगी।
अभी तक जनगणना में आबादी के साथ मकानों की संख्या और इनके इस्तेमाल से जुड़ा रिकॉर्ड ही शामिल किया जाता था। अब अन्य सवाल भी शामिल किए गए हैं, जिससे नीति निर्धारण में इसका इस्तेमाल किया जा सके। शिमला जिले में जनगणना की तैयारियों को लेकर कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। पूरे देश की तरह प्रदेश में भी जनगणना दो चरणों में होगी।
पहले चरण की जनगणना में मकान, इसके प्रकार, परिवार समेत कुल 34 सवाल शामिल होंगे। प्रदेश के तीन जिलों शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति समेत चंबा के कुछेक इलाके में इसी साल दोनों चरणों की जनगणना पूरी की जाएगी। वहीं बाकी नौ जिलों में अगले साल दूसरा चरण पूरा होगा।
पहले चरण की जनगणना 12 मई से शुरू होने जा रही है। यह 11 जून तक चलेगी। जनगणना कार्य निदेशालय निदेशक दीप शिखा शर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी।
डाटा संग्रहण मोबाइल एप और वेब पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। लोग खुद भी स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपना रिकॉर्ड दर्ज करवा सकते हैं। बाद में जनगणना में लगे कर्मचारी घर घर जाकर इसका सत्यापन करेंगे।
What's Your Reaction?



