बारिश और ओलावृष्टि के बीच मंडी के कोटली में आसमानी बिजली गिरने से गौशाला जलकर राख
प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा बारिश और ओलावृष्टि को लेकर जारी चेतावनी के बीच मंडी के कोटली में आसमानी बिजली गिरने से एक गौशाला जलकर राख
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी 05-04-2026
प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा बारिश और ओलावृष्टि को लेकर जारी चेतावनी के बीच मंडी के कोटली में आसमानी बिजली गिरने से एक गौशाला जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि गौशाला मालिक के मवेशी दूसरी गोशाला में बांध दिए थे, नहीं तो मालिक को लाखों का नुक्सान सहना पड़ता। आसमानी बिजली गिरने की यह घटना आज शाम करीब 5 बजे घटित हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद आसमान में अचानक काले बादल छा गए और जमकर मेघ बरसना शुरू हो गए। इस दौरान बिजली की तेज गजर्ना के साथ ओलावृष्टि भी शुरू हो गई। इस बीच जिला के कोटली उपमंडल के तहत पड़ने वाले सलेतर गांव में आसमानी बिजली गिरने से एक गोशाला उसकी चपेट में आ गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए एकत्रित हुए, लेकिन तब तक गौशाला के अंदर रखा पशुओं का चारा व घास जलकर राख हो चुका था। गौशाला मालिक वीरी सिंह और ओम प्रकाश ने बताया कि उन्होंने पशुओं को दूसरी गौशाला में बांध कर रखा था। यदि मवेशी इसी गोशाला में होते तो वे भी जलकर राख हो जाते। एसडीएम कोटली जगदीश चंद्र ने घटना की पुष्टि की है।
What's Your Reaction?




