कुल्लू में फिर फटा बादल ग्रामीणों के घरों व दुकानों में घुसा बाढ़ का मलबा 

कुल्लू जिला की ऊझी घाटी में वीरवार रात बादल फटने से बाहंग नाले में बाढ़ आ गई। आधी रात को आई बाढ़ से पुलिया मलबे से ढक गई, जिससे नाले के पानी ने सड़क की ओर रुख कर लिया। जब बाढ़ आई तो लोग घरों में सो रहे थे जोकि बाढ़ की खबर सुनकर जाग गए तथा उसके बाद डर के साए में रात काटी

Jul 28, 2023 - 20:02
 0  102
कुल्लू में फिर फटा बादल ग्रामीणों के घरों व दुकानों में घुसा बाढ़ का मलबा 

यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू  28-07-2023
कुल्लू जिला की ऊझी घाटी में वीरवार रात बादल फटने से बाहंग नाले में बाढ़ आ गई। आधी रात को आई बाढ़ से पुलिया मलबे से ढक गई, जिससे नाले के पानी ने सड़क की ओर रुख कर लिया। जब बाढ़ आई तो लोग घरों में सो रहे थे जोकि बाढ़ की खबर सुनकर जाग गए तथा उसके बाद डर के साए में रात काटी। बीआरओ की सतर्कता से जानी नुकसान नहीं हुआ है। बीआरओ ने रात करीब 2 बजे मशीनरी मौके पर भेज दी और पानी का रुख नदी की ओर कर दिया। 
 
 
बाढ़ का पानी लगभग 50 दुकानों में घुस गया, जिससे उन्हें भारी नुक्सान हुआ है, वहीं कुछ दुकानों, घरों व ढाबों में मलबा भी भर गया है। पूर्व बीडीसी. सदस्य गोकल चंद व ग्रामीणों संजू, रमेश व अंकित ने बताया कि आधी रात नाले में जोर की आवाज सुनाई दी, बाहर निकलकर देखा तो नाले का जल स्तर खतरनाक हद तक बढ़ गया था जिसके बाद उन्होंने बिना कोई समय गंवाए गांव वालों को सतर्क किया। 
 
 
बीआरओ ने रात 2 बजे मशीनरी घटनास्थल की ओर भेजी। समय रहते मलबा सड़क से हटाकर पानी का रुख नदी की ओर किया, जिससे जानी नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि बाहंग के पुराने प्राइमरी स्कूल से लेकर डीजीआरई के परिसर व बीआरओ कालोनी तक नाले का मलबा फैल गया। इससे मनाली-लेह सड़क भी बाधित हो गई। 
 
 
एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। वहीं बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि बाढ़ से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। बीआरओ ने मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow