मोटे अनाज के प्रचार-प्रसार में हिमाचल को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसापत्र से मिला सम्मान 

हिमाचल प्रदेश के कृषि विभाग को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स (मोटा अनाज) वर्ष 2023 के दौरान मिलेट्स के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसापत्र से सम्मानित किया गया है। कृषि महकमे को यह सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभाग को बधाई दी

Jul 4, 2024 - 13:42
 0  12
मोटे अनाज के प्रचार-प्रसार में हिमाचल को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसापत्र से मिला सम्मान 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    04-07-2024

हिमाचल प्रदेश के कृषि विभाग को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स (मोटा अनाज) वर्ष 2023 के दौरान मिलेट्स के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसापत्र से सम्मानित किया गया है। कृषि महकमे को यह सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभाग को बधाई दी है। कृषि विभाग को भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रशंसापत्र से सम्मानित किया गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कृषि विभाग ने मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए अनेक नवोन्मेषी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मिलेट्स के पोषक तत्वों और स्वास्थ्य को होने वाले लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ राज्य में बड़े स्तर पर मिलेट्स की पैदावार करने को प्रोत्साहन प्रदान किया। 

कृषि विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के रूप में नामित किया गया था, ताकि मिलेट्स से मिलने वाले पोषण, स्वास्थ्य, पर्यावरणीय स्थिरता और आर्थिक विकास इत्यादि लाभों से लोगों को अवगत करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि वैश्विक खाद्य प्रणाली भूख, कुपोषण, बढ़ती जनसंख्या, सीमित प्राकृतिक संसाधन और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है।

इन चुनौतियों का समाधान मिलेट्स के रूप में हो सकता है, जो विविध पोषक तत्त्वों से भरपूर है और न्यूनतम संसाधनों के साथ विभिन्न प्रतिकूल जलवायु में उगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस पहल के महत्त्व को समझते हुए हिमाचल प्रदेश के कृषि विभाग ने राज्य भर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया, ताकि किसानों में मिलेट्स की खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। 

वहीं कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने मिलेट्स की खेती के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए किसानों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रदेश सरकार मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी। वहीं कृषि सचिव सी पॉलरासु और कृषि निदेशक कुमद सिंह ने किसानों से इस प्रयास को निरंतर जारी रखने और बाजरा, रागी, कोदो मिलेट, कंगनी, रागी, मंडुआ, सांवां पर विशेष ध्यान देते हुए मिलेट्स उत्पादन को बढ़ाने का आग्रह किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow