लोक निर्माण मंत्री ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 107 करोड़ के किए उदघाटन-शिलान्यास

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता हमारी धरोहर है। इसे बचाकर रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है। प्रगति के साथ साथ प्रकृति का ख्याल रखना बहुत महत्वपूर्ण

Feb 3, 2024 - 19:00
 0  6
लोक निर्माण मंत्री ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 107 करोड़ के किए उदघाटन-शिलान्यास

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी      03-02-2024

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता हमारी धरोहर है। इसे बचाकर रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है। प्रगति के साथ साथ प्रकृति का ख्याल रखना बहुत महत्वपूर्ण है। यहां की खूबसूरती की कीमत पर विकास नहीं होना चाहिए। इसके लिए अगर सख्त निर्णय भी लेने पडे़ तो सरकार इससे पीछे नहीं हटेगी।

विक्रमादित्य ने थलौट में सीआरएफ से ब्यास नदी पर पंजाईथाची-शैट्टाधार-लम्बाथाच सड़क पर बनने वाले 85 मीटर लम्बे पुल का शिलान्यास किया। इस पुल को बनाने पर 14.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने थलौट में ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण तीन के अर्न्तगत पनारसा से कोट धलयारा सड़क, पनारसा से सोझा राहड़ी सड़क और नगवांई से पलसेहड़ कठियारी सड़क के स्तरोन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया। इन तीन सड़कों पर 60.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 

उन्होंने नाबार्ड के अर्न्तगत 17.18 करोड़ से निर्मित जवालापुर से पराशर सड़क का उद्घाटन भी किया। लोक निर्माण मंत्री ने शिवाबदार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण तीन में पंडोह से नागधार तथा नागधार से शिवा सड़क के स्तरोन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। इन दोनों सम्पर्क सड़कों पर 15 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में बेहतर वित्तीय प्रबंधन के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। प्रदेश सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोलर पावर आने वाले समय में प्रदेश के लिए गेम चेंजर साबित होगी। सुक्खू सरकार इसे लेकर गंभीरता से काम कर ही है। केन्द्र सरकार ने भी बजट में इस तरफ अपने कदम बढाए हैं। इससे जलवायु परिवर्तन के संकट से भी बचाव होगा।

विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के उस बयान पर प्रतिउत्तर दिया जिसमें ठाकुर ने उनके कार्यकाल के समय बने भवनों के सफेद हाथी बन कर खंडहरों में तबदील होने की बात की थी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इन भवनों के निर्माण के लिए अगर श्री जय राम ठाकुर ने समुचित बजट का प्रावधान किया होता तो इनकी आज यह हालत नहीं होती। 

उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकाल के आखिरी 6 महीनों में बिना बजट के घोषणाएं कीं। इस तरीके की घोषणाएं नहीं की जानी चाहिए। भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए नए संस्थान खुलने चाहिए।

इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्रंग के अध्यक्ष वामन देव ठाकुर, जिला परिषद सदस्य रीता ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य कृष्ण पाल, डॉ. कुलकीर्ति सिंह ठाकुर, मुख्य अभियन्ता लोक निर्माण एनपीएस चौहान, एसडीएम सदर सचिन शर्मा, कार्यकारी एसडीएम बालीचौकी नितेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow