सड़क हादसे में भारतीय सेना में तैनात ऊना की ग्राम पंचायत के नायब सूबेदार कुलवंत सिंह शहीद
अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में बीती सात मार्च को हुए सड़क हादसे में भारतीय सेना में तैनात जिला ऊना की ग्राम पंचायत घालूवाल के गांव जेजों मोड़ निवासी नायब सूबेदार कुलवंत सिंह बलिदान हो गए
यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना 11-03-2026
अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में बीती सात मार्च को हुए सड़क हादसे में भारतीय सेना में तैनात जिला ऊना की ग्राम पंचायत घालूवाल के गांव जेजों मोड़ निवासी नायब सूबेदार कुलवंत सिंह बलिदान हो गए। मंगलवार को हवाई मार्ग से उनकी पार्थिव देह चंडीगढ़ लाई गई, जबकि बुधवार सुबह उनके पैतृक गांव जेजों मोड़ में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस दुखद घटना से गांव जेजों मोड़ और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार भारत-चीन सीमा के समीप रेड्डी गांव के पास सेना का एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। यह हादसा उस समय हुआ जब सेना का वाहन ‘ऑपरेशन स्नो लेपर्ड’ के तहत परिचालन ड्यूटी के लिए गेलेमो से ताकसिंग की ओर जा रहा था।
दुर्घटना में नायब सूबेदार कुलवंत सिंह और एक नायक शहीद हो गए, जबकि वाहन चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण घटना की विस्तृत जानकारी मिलने में देरी हुई। कुलवंत सिंह 56 आर्टिलरी ब्रिगेड की 908 फील्ड रेजिमेंट में तैनात थे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 18 सिख रेजिमेंट के नायक प्रदीप कुमार शर्मा भी वीरगति को प्राप्त हुए।
परिजनों के अनुसार कुलवंत सिंह करीब दो माह पहले ही नायब सूबेदार पद पर पदोन्नत हुए थे। पदोन्नति के बाद उनकी पोस्टिंग अमृतसर से अरुणाचल प्रदेश कर दी गई थी। वर्ष 1985 में जन्मे कुलवंत सिंह साल 2002 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता स्वर्गीय गरीब दास भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। कुलवंत सिंह अपने पीछे पत्नी, 11 और 9 वर्ष के दो बेटे तथा एक भाई को छोड़ गए हैं।
What's Your Reaction?



