अयोध्या राम मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी बनेगे प्रदेश के करीब 80 लोग
अयोध्या में राम मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी हिमाचल प्रदेश के करीब 80 गण्यमान्य लोग भी बनेंगे। इनमें विक्रमादित्य सिंह अकेले राजनेता होंगे। हालांकि पूर्व सांसद महेश्वर सिंह भी बुलाए गए
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 09-01-2024
अयोध्या में राम मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी हिमाचल प्रदेश के करीब 80 गण्यमान्य लोग भी बनेंगे। इनमें विक्रमादित्य सिंह अकेले राजनेता होंगे। हालांकि पूर्व सांसद महेश्वर सिंह भी बुलाए गए हैं, मगर उन्हें रघुनाथ मंदिर के प्रमुख छड़ीबरदार होने के नाते बुलावा दिया है।
इसके अलावा बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा सहित कई अन्य प्रमुख हस्तियों को भी न्योता दिया है। कांग्रेस सरकार के युवा व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने वाले अकेले राजनेता होंगे।
उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर बुलाया गया है। इस तरह का आधिकारिक न्योता प्रदेश के भाजपा नेताओं यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी नहीं मिला है। विक्रमादित्य सिंह सोशल मीडिया पर अकसर जयश्रीराम लिखकर भी चर्चा में रहते आए हैं। देश में गोवध के खिलाफ पहला ठोस कानून बनाने का श्रेय हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके वीरभद्र सिंह को जाता है।
उन्होंने धर्मांतरण के खिलाफ भी कानून बनाया था। हिमाचल प्रदेश से ग्रेट खली, शूटर विजय कुमार, मोटे अनाज को उगाने के लिए सम्मानित पद्मश्री नेक राम शर्मा, चंबा रूमाल के लिए सम्मानित पद्मश्री ललिता वकील, सहायक आचार्य चमन लाल बंगा, उद्योगपति गौतम जैन, साहित्यकार अभिराज राजेंद्र मिश्र सहित कई अन्य लोगों को भी निमत्रंण पत्र आया है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष लेखराज राणा, स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक वीर सिंह रांगड़ा, आरोग्य भारती से जुड़े रहे डॉ. राकेश पंडित, एसजेवीएन के प्रबंध निदेशक नंदलाल शर्मा सहित कई अन्य हस्तियों को भी 22 जनवरी को अयोध्या बुलाया है। इनके अलावा 51 प्रमुख संतों को बुलाया गया है।
What's Your Reaction?