जागरूकता के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना मुख्य प्राथमिकता :उपायुक्त

नशे का सेवन समाज में एक गंभीर समस्या के रूप में उभरकर आया है। यह समस्या सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य की ही नहीं, बल्कि समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित कर रही

Aug 9, 2023 - 16:15
 0  8
जागरूकता के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना मुख्य प्राथमिकता :उपायुक्त

यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना    09-08-2023

नशे का सेवन समाज में एक गंभीर समस्या के रूप में उभरकर आया है। यह समस्या सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य की ही नहीं, बल्कि समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित कर रही है। नशा निवारण महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ चुनौतियों से भरपूर है, लेकिन आपसी तालमेल से इस समस्या का समाधान निकालने की आवश्यकता है। 

इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्त ऊना अभियान आरंभ किया गया है। जून 2023 से शुरू किया गया यह अभियान 1 वर्ष तक चलेगा तथा समाज की उन्नति की दिशा में यह  एक महत्वपूर्ण कदम है। यह जानकारी उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने नशा मुक्त ऊना अभियान के संबंध में मीडिया कर्मियों के लिए आयोजित जागरूकता कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए दी। 

उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी ऊना के द्वारा शुरू किए गए इस अभियान को गुंजन नामक स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नशा मुक्त ऊना अभियान की एक अपनी वेबसाइट बनाई गई है तथा जिला के हर व्यक्ति तक अभियान की पहुंच बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के साथ-साथ सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। 

राघव शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के अलावा स्वास्थ्य संस्थानों तथा पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े लगभग 5 हजार लोगों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है  ताकि वे अपने अपने संस्थानों तथा क्षेत्रों में घर घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति को विभिन्न प्रकार के नशों के दुष्प्रभावों तथा इनसे होने वाली व्याधियों के अलावा नशे के दुष्परिणामों बारे शिक्षित कर मानसिक रूप से सक्षम बना सकें।

उपायुक्त ऊना ने बताया कि इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य जिला में नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है जिसके लिए सरकारी व  स्वयंसेवी संस्थाओं के अतिरिक्त पंचायती राज संस्थाओं, आईसीडीएस के कार्यकर्ताओं, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा युवक मंडलों का भी सहयोग लिया जा रहा है। 

प्रेस क्लब ऊना के प्रधान सुरेंद्र शर्मा ने भी जिला प्रशासन के माध्यम से संचालित किए जा रहे नशा मुक्त ऊना अभियान की सराहना की तथा अभियान को सफल बनाने के लिए मीडिया की ओर हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रेस क्लब ऊना के महासचिव जितेंद्र कुमार, राजीव भनोट सहित विभिन्न प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संवाददाता उपस्थित रहे।
  

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow