जीवन में संघर्ष से घबराएं नहीं युवा :  संजय अवस्थी

मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने युवाओं से आग्रह किया कि जीवन में कभी भी संघर्ष से घबराएं नहीं

Oct 18, 2023 - 16:32
 0  5
जीवन में संघर्ष से घबराएं नहीं युवा :  संजय अवस्थी

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन     18-10-2023

मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने युवाओं से आग्रह किया कि जीवन में कभी भी संघर्ष से घबराएं नहीं। संजय अवस्थी  सोलन ज़िला के राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में आयोजित ज़िला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता को सम्बोधित कर रहे थे।

संजय अवस्थी ने कहा कि युवा काल में सही दिशा में किया गया संघर्ष ही भविष्य में सफल जीवन का आधार बनता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सदैव परिश्रम एवं समर्पण के लिए तैयार रहना चाहिए। संघर्ष की भट्टी में तपकर ही प्रतिभा उच्चतम स्तर का निखार प्राप्त करती है। 

मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि देश एवं प्रदेश के सत्त विकास के लिए युवाओं की असीमित ऊर्जा को उचित दिशा दी जानी ज़रूरी है। इसके लिए जहां युवाओं को नशे से दूर रहना होगा वहीं हम सबको यह सुनिश्चित बनाना होगा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं समय पर अवसर मिलें। इस दिशा में प्रदेश सरकार योजनाबद्ध कार्य कर रही है।

संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं को विश्व स्तरीय शिक्षा सुविधा एवं अन्य अधोसंरचना प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग विद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह विद्यालय समग्र शिक्षा के मन्दिर बन कर उभरेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू राज्य के प्रत्येक बच्चे का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना इसी दिशा में सशक्त प्रयास है। सुखाश्रय योजना के तहत प्रदेश सरकार ने 4000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाने का निर्णय लिया है। 

नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष हेमेन्द्र गुप्ता, पार्षद रूचि गुप्ता, ज़िला कांग्रेस महासचिव राजेन्द्र रावत, ज़िला कांग्रेस अनुसूचित जाति लीग के अध्यक्ष सी.डी. बंसल, खण्ड कांग्रेस अर्की के कोषाध्यक्ष रोशन वर्मा, महासचिव कमलेश शर्मा, कांग्रेस सेवा दल के ज़िला अध्यक्ष संजय ठाकुर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष हेमन्त वर्मा, व्यापार मण्डल अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक दाड़लाघाट सन्दीप शर्मा, विद्यालय प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, छात्र, अध्यापक एवं अन्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow