ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध : अनिरूद्ध सिंह

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य कर रही

Aug 17, 2024 - 11:13
Aug 17, 2024 - 14:07
 0  9
ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध : अनिरूद्ध सिंह

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    17-08-2024

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य कर रही है। अनिरूद्ध सिंह आज नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रेडू उपरला, रिया, पंजैहरा तथा बाह में लगभग 1.35 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण तथा आधारशिला रखने के उपरांत जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

अनिरूद्ध सिंह ने नालागढ़ उपमण्डल की ग्राम पंचायत रेडू उपरला में 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित, ग्राम पंचायत रिया में 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित तथा ग्राम पंचायत बाह में 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित पंचायत घरों का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत पंजैहरा में 35 लाख रुपए से निर्मित होने वाले मैरिज हॉल की आधारशिला भी रखी।

ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने में इस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में ग्रामीण क्षेत्रों में 1000 स्वयं सहायता समूह गठित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन समूहों को लगभग 32 करोड़ रुपए की राशि सामुदायिक निवेश एवं रिवॉलविंग निधि के रूप में तथा 50 करोड़ रुपए ऋण के रूप में देना का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे रही है। इस वित्त वर्ष में 5000 अतिरिक्त गांव को खुले में शौच मुक्त घोषित करने का लक्ष्य है। अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा अब पंचायत घरों के निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की जा रही है। 

पंचायत घरों का बहुआयामी उपयोग के लिए सरकार यथासम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंचायत घरों के निर्माण के लिए 33 लाख रुपए ही स्वीकृत किए जाते थे। यह राशि वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस वित्त वर्ष में पंचायतों घरों के निर्माण के लिए 47 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी।

इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति नालागढ़ के अध्यक्ष हुसन चंद, ग्राम पंचायत रेडू उपरला की प्रधान राज कुमारी, ग्राम पंचायत पंजैहरा के प्रधान राजेन्द्र कुमार, ग्राम पंचायत रिया की प्रधान अनीता देवी, ग्राम पंचायत बाह की प्रधान रिशमा देवी, ग्राम पंचायत बघेरी के प्रधान बलदेव सिंह, ग्राम पंचायत रेडू उपरला उप-प्रधान मंगल सिंह व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow