राज्यपाल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 333 विद्यार्थियों को डिग्रियां की प्रदान

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी के पहले दीक्षांत समारोह में 333 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की। राज्यपाल इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे

Sep 12, 2024 - 20:46
Sep 12, 2024 - 21:19
 0  10
राज्यपाल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 333 विद्यार्थियों को डिग्रियां की प्रदान

विद्यार्थियों को राष्ट्र विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी    12-09-2024

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी के पहले दीक्षांत समारोह में 333 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की। राज्यपाल इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे तथा 12 स्वर्ण पदक विजेताओं सहित 36 मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए।

विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनइपी) 2020 के चरणबद्ध कार्यान्वयन, भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ की स्थापना और विभिन्न शैक्षणिक समितियों के गठन के अलावा अल्पावधि में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सभी पहल विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के प्रति विश्वविद्यालय के लक्ष्यों को पूरा करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह समारोह केवल उपाधियां प्रदान करने तक सीमित नहीं है। यह विद्यार्थियों के लिए महत्त्वपूर्ण क्षण होता है जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलती है। भारत की शिक्षा प्रणाली बौद्धिक, नैतिक और अध्यात्मिक विकास पर आधारित है और एनइपी-2020 में उल्लेखित सिद्धांतो को दर्शाती है। शिक्षा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाती है और सभी को अपने ज्ञान को निरन्तर बढ़ाते रहना चाहिए।

आईआईटी रोपड़ के निदेशक राजीव आहुजा इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय की उन्नति में शोध की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए बहु-विषयक दृष्टिकोण अपनाने की वकालत की। उन्होंने भारत को वैश्विक गुरू बनाने के लिए उच्च-गुणवत्ता, शोध संचालित नवाचार की आवश्यकताओं को भी रेखांकित किया। कृषि प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा (एआई) और ड्रोन प्रौद्योगिकी को शामिल करने का भी आह्वान किया।

विधायक एवं विश्वविद्यालय के कार्यकारी परिषद के सदस्य चन्द्रशेखर ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि यह दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने स्नातकों से देश और राज्य की समृद्ध संास्कृतिक विरासत से जुड़े रहते हुए वैश्विक चुनौतियों का सामना करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वविद्यालय को सरदार पटेल की 150 जयंती के अवसर पर वर्ष भर कार्यक्रम आयोजित करने को भी कहा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति ललित कुमार अवस्थी ने राज्यपाल का इस कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की उपलब्धियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से भी अवगत करवाया। राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, मंडलायुक्त राखी काहलो, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर व कर्मचारियों सहित अन्य भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow