3000 करोड़ रुपये की योजना से हिमाचल में पर्यटन को लगेंगे पंख  : आरएस बाली

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा है कि हिमाचल में पर्यटन की संभावनाओं के विस्तार एवं इनके उचित दोहन के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार एक नई सोच के साथ कार्य कर रही

Dec 12, 2023 - 19:08
 0  51
3000 करोड़ रुपये की योजना से हिमाचल में पर्यटन को लगेंगे पंख  : आरएस बाली

यंगवार्ता न्यूज़ - हमीरपुर     12-12-2023

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा है कि हिमाचल में पर्यटन की संभावनाओं के विस्तार एवं इनके उचित दोहन के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार एक नई सोच के साथ कार्य कर रही है। 

उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले के वनखंडी में लगभग 690 करोड़ रुपये की लागत से वन्य प्राणी उद्यान की स्थापना की जाएगी, जिससे वन्य प्राणियों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तीन बड़े आईस स्केटिंग रिंक बनाए जाएंगे। बेरोजगार युवाओं के लिए ई-टैक्सी योजना आरंभ की गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय भी लिया गया है।
  
कृषि उत्सव के आयोजन के लिए डॉ. वाईएस परमार औद्योनिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय और इसके अधीन नेरी के महाविद्यालय की सराहना करते हुए आरएस बाली ने कहा कि इन संस्थानों ने प्रदेश और देश को कई बड़े वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ दिए हैं। इसके लिए इन संस्थानों के सभी पूर्व एवं वर्तमान शिक्षक बधाई के पात्र हैं।
  
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व की सराहना करते हुए आरएस बाली ने कहा कि बरसात के मौसम में आई भीषण आपदा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं जिस प्रकार फील्ड में उतरकर बचाव एवं राहत कार्यों को गति प्रदान की तथा रात-दिन लगातार कार्य किया, उससे वे एक जननायक बनकर उभरे हैं। 

मुख्यमंत्री समाज के सभी वर्गांे के उत्थान एवं कल्याण और विशेषकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर आरएस बाली ने कालेज परिसर में स्टेज के कार्य के लिए 15 लाख रुपये और लाइब्रेेरी के लिए 5 लाख रुपये का प्रावधान करने की घोषणा भी की।
 
इस अवसर पर औद्योनिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी-सोलन के कुलपति डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल और स्थानीय महाविद्यालय के डीन डॉ. कमल शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा संस्थान की उपलब्धियों एवं गतिविधियों और कृषि उत्सव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में कांगड़ा के पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, कालेज के अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रभारी एवं प्रतिभागी विद्यार्थी भी उपस्थित थे।
  

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow