समस्या का समयबद्ध निवारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : डॉ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निवारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। डॉ. शांडिल आज यहां ज़िला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि ज़िला शिकायत निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य पूरे ज़िला के जन-जन की समस्याओं से परिचित हैं और उनके द्वारा प्रस्तुत मदों को निश्चित समयावधि में सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए.....

Feb 27, 2025 - 19:59
 0  19
समस्या का समयबद्ध निवारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : डॉ. शांडिल
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन  27-02-2025

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निवारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। डॉ. शांडिल आज यहां ज़िला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि ज़िला शिकायत निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य पूरे ज़िला के जन-जन की समस्याओं से परिचित हैं और उनके द्वारा प्रस्तुत मदों को निश्चित समयावधि में सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान किया जा सकता है और इस दिशा में अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को राजनीतिक नेतृत्व के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार के निर्णय अनुसार ज़िला में चकौता धारकों को भूमि का मालिकाना हक दिए जाने के मामलों को निर्धारित समयावधि में निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के कारण विभिन्न स्थानों पर पारम्परिक जल स्त्रोतों इत्यादि को हुई क्षति का संज्ञान लिया जाए और यह सुनिश्चित बनाया जाए कि सभी जल स्त्रोत सुरक्षित हों। 
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि गोयला-नालागढ़, नालागढ़-गोयला, गोयला-परवाणू तथा परवाणू-गोयला मार्ग पर प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों की आवाजाही सुचारू की जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धर्मपुर में मार्च माह के अंत तक अल्ट्रा साउंड मशीन स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं ज़िला में स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न खाली पड़े पदों को चरणबद्ध आधार पर भरा जा रहा है। यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक पद भरे हों। डॉ. शांडिल निर्देश दिए कि सोलन विधानसभा क्षेत्र के नौणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण के लिए औपचारिकताएं 15 मार्च तक पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि सोलन, शिमला तथा सिरमौर ज़िलों सहित पर्यटकों के लिए लाइफ लाईन सिद्ध होने वाले बहुउद्देशीय अस्पताल सोलन का लगभग 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि इस अस्पताल का निर्माण निर्धारित मापदण्डों के अनुसार शीघ्र पूरा हो।

उन्होंने कंडाघाट उपमंडल में क्यारी-खिन्ना सम्पर्क मार्ग के निर्माण कार्य को 15 मार्च तक आरम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के 15 गांव एवं उप-गांव के लिए यह सम्पर्क मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. शांडिल ने कहा कि स्वच्छता सभी के स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है और सोलन शहर एवं ज़िला को स्वच्छ बनाने के लिए जन-जन का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि नशा निवारण एवं युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रदेश सरकार वृहद स्तर पर कार्य कर रही है। इस दिशा में जन-जन समन्वय स्थापित कर प्रदेश सरकार और प्रशासन का साथ देना होगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सम्बद्ध विभागों के सहयोग से प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध जागरूकता अभियान कार्यान्वित करेंगे। ज़िला में ‘नो होकिंग’ अभियान भी चलाया जाएगा। डॉ. शांडिल ने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि जन शिकायतों के निवारण के लिए संवेदनशीलता के साथ संकल्पित होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी प्रदेश सरकार की रीढ़ हैं और उनके सहयोग से प्रदेश सरकार जन-जन तक बेहतर सुविधाएं एवं अधोसंरचना पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा जताई कि जन शिकायत निवारण की दिशा में सभी विभाग एकजुट होकर प्रयास करेंगे। 
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न समस्याओं के निवारण के लिए बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार शिकायतों को निश्चित समयावधि में निपटाएं। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूमि उपलब्ध होने की स्थिति में आवश्यकतानुसार शौचालय निर्मित किए जाएंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को फोरलेन कार्य के कारण स्थानीय निवासियों को हो रही परेशानियों को सुलझाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में ज़िला शिकायत निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन राजकुमार चंदेल, विभिन्न उपमण्डलाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow