ज्ञान अर्जन के लिए निरंतर प्रयासरत रहें युवा : संजय अवस्थी
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने छात्राओं का आह्वान किया कि खेलों में भाग लेने के साथ-साथ भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं में सफलता के लिए ज्ञान अर्जन के लिए निरंतर प्रयासरत
यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन 11-09-2024
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने छात्राओं का आह्वान किया कि खेलों में भाग लेने के साथ-साथ भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं में सफलता के लिए ज्ञान अर्जन के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
चार दिवसीय इस ज़िला स्तरीय प्रतियोगिता में 71 विद्यालयों की 726 छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में हॉकी, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, जूडो, कबड्डी वालीबॉल, खो-खो तथा बैडमिंटन खेल शामिल हैं।
उन्होंने इससे पूर्व राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में 10 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण भी किया।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि बेहतर भविष्य के लिए युवाओं को विभिन्न विषयों का गहराई से अध्ययन करना चाहिए। शिक्षा जहां हमें ज्ञान प्रदान करती है वहीं खेल हमें एकाग्रचित्त होकर समर्पण एवं अनुशासन के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ना सिखाते हैं।
उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि जीवन में कभी निराश न हों तथा देश और प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए सदैव प्रयासरत रहें। संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की खेल में रुचि बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न नीतियां अपनाई जा रही हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि में अभूतपूर्व वृद्धि की है।
ओलम्पिक्स खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर पुरस्कार राशि को 03 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 05 करोड़ रुपए, रजत पदक के लिए 02 करोड़ रुपए से बढ़कार 03 करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक के लिए 01 करोड़ रुपए से बढ़कार 02 करोड़ रुपए की गई है।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, पूर्व अध्यक्ष रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश ठाकुर, ग्राम पंचायत कोठी की प्रधान बलविंदर कौर, ग्राम पंचायत कुनिहार के उप प्रधान हरिदास,एस.एम.सी. प्रधान कृष्ण सहित अध्यापक तथा खिलाड़ी उपस्थित थे।
.
What's Your Reaction?