यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 28-07-2024
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 राजीव बिंदल ने कहा कि कोई भी सरकार अपने फैसलों के लिए जानी जाती है। वर्तमान प्रदेश की कांग्रेस सरकार जो सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही हैं वह हिमाचल प्रदेश के विकास कार्यों को बंद करने के लिए जानी जाएगी। यह सरकार खुले हुए संस्थानों को बंद करने के लिए भी जानी जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 राजीव बिंदल ने कहा कि सत्ता में आते ही सुक्खू सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा खोले गए 1100 से अधिक संस्थान बन्द करने का महान कार्य किया।
इसके बाद नौकरी देने के लिए बनाया गया स्टाफ सिलेक्शन कमीशन हमीरपुर बंद करके लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और विगत 19 महीनों में एक भी नौकरी आज तक नहीं दी गई है। इसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा सड़कों का काम बंद कर दिया गया। पूरे प्रदेश में नई सड़कें प्रदेश सरकार द्वारा तो क्या बनाई जानी थी, पर पुरानी सड़क भी गड्ढों में तब्दील हो गई। अभी 1100 संस्थान बंद करके तसल्ली नहीं हुई थी और 800 स्कूल और बंद कर दिए और इसी सप्ताह 400 स्कूल और बंद करने का कीर्तिमान इस सरकार के सिर पर सजा।
गरीब की सेवा करने वाली योजनाएं सहारा योजना अपरोक्ष रूप से बंद , कन्याओं की शादी के लिए सहयोग देने वाली योजना अपरोक्ष रूप से बंद , गरीबों का इलाज करने वाली आयुष्मान व हिम केयर अपरोक्ष रूप से बंद , अटल आदर्श विद्यालय शानदार भवनों के साथ तैयार है। उन्हें बंद करने का नायाब तरीका निकालकर उन्हें आउटसोर्सिंग करेगें। डॉ0 राजीव बिंदल ने कहा कि सरकार बनाना , सरकार बचाना , सरकार चलाने में तीनों तब तक कोई मायने नहीं रखता जब तक वह सरकार जनता को सुख न दे। वर्तमान की कांग्रेस सरकार केवल और केवल राजनीति करने में लगी है और प्रदेश की जनता लगातार इसका दंश झेल रही है।