माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव’ के आयोजन की कवायद तेज, विधायक ने उपायुक्त संग तैयारियों का लिया जायजा

हिमाचल प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई गति देने के मकसद से सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी में होने जा रहे तीन दिवसीय ‘माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव’ के आयोजन के लिए कवायद तेज

Aug 23, 2024 - 12:37
Aug 23, 2024 - 13:21
 0  7
माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव’ के आयोजन की कवायद तेज, विधायक ने उपायुक्त संग तैयारियों का लिया जायजा

दोहराई..शानदार आयोजन से महोत्सव को यादगार बनाने की प्रतिबद्धता

यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना    23-08-2024

हिमाचल प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई गति देने के मकसद से सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी में होने जा रहे तीन दिवसीय ‘माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव’ के आयोजन के लिए कवायद तेज हो गई है। पहली बार आयोजित किया जा रहा ये महोत्सव 14 से 16 सितम्बर तक मनाया जाएगा। 

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने उपायुक्त जतिन लाल संग गुरुवार को खेल मैदान अंब का निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी धाम लोगों की आस्था का केंद्र है। हजारों-हजार श्रद्धालु माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए आते हैं। यहां महोत्सव का आयोजन सभी श्रद्धालुओं लिए एक बेजोड़ अनुभव होगा। 

इसमें धार्मिक-आध्यात्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सभी से महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिम्मेदारी से काम करने का आग्रह किया।

सुदर्शन बबलू ने बताया 14 सितंबर को महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से लेकर एसडीएम कार्यालय अंब तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। उसके बाद शोभा यात्रा माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव मेला स्थल खेल मैदान अंब में पहंुचेगी। वहां विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन होंगे।

वहीं, उपायुक्त जतिन लाल ने महोत्सव का शानदार आयोजन कर इसे यादगार बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि महोत्सव के भव्य-दिव्य आयोजन के साथ इसे एक विशेष पहचान दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी सौंपे गए कार्यों को एकजुटता के साथ पूरा करने का दायित्व निभाएं।

बता दें, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत कुछ महीने पहले चिंतपूर्णी में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए धार्मिक पर्यटन क्षेत्र में एक नवीन पहल करने तथा एक भव्य महोत्सव आरंभ करने की बात कही थी। उन्होंने जिला प्रशासन को इसके आयोजन को लेकर निर्देश दिए थे। प्रशासन ने उनके निर्देशानुरूप आगे बढ़ कर कार्य करते हुए महोत्सव के आयोजन की तैयारी की है।  

उपायुक्त ने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के उपलक्ष्य पर 1 सितंबर से लेकर 30 सितंबर तक विभिन्न स्पोर्ट तथा साहसिक खेलों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साहसिक खेलों का आयोजन रामलीला मैदान अम्ब में किया जाएगा। जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम, तम्बोला व खेलकूद प्रतियोगिताएं खेल मैदान अंब में होंगी। 

इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों व कार्यक्रमों से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इस दौरान एसडीएम अंब विवेक महाजन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow