मंडी में बारिश ने फिर बरपाया कहर , थुनाग में कई घरों में घुसा मलबा ,  प्रदेश में भूस्खलन से 453 सड़कें बंद 

सराज में एक बार फिर भारी बारिश ने तबाही मचाई है। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। बूंगरैलचौक , संगलबाड़ा , ढीम कटारू, लम्बाथाच , चिऊणी , थुनाग , पखरैर , मुरहाग, शिकावरी , लेहथाच , कांढ़ा-बगस्याड़ , शरण , बहलीधार , शिल्हीबागी , बागाचनोगी,  भाटकीधार , कलहणी , खबलेच , जैंशला , बस्सी , कुकलाह और बाखली पंचायतें सबसे ज्यादा प्रभावित हैं

Aug 5, 2025 - 17:49
Aug 5, 2025 - 18:16
 0  8
मंडी में बारिश ने फिर बरपाया कहर , थुनाग में कई घरों में घुसा मलबा ,  प्रदेश में भूस्खलन से 453 सड़कें बंद 
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  05-08-2025

सराज में एक बार फिर भारी बारिश ने तबाही मचाई है। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। बूंगरैलचौक , संगलबाड़ा , ढीम कटारू, लम्बाथाच , चिऊणी , थुनाग , पखरैर , मुरहाग, शिकावरी , लेहथाच , कांढ़ा-बगस्याड़ , शरण , बहलीधार , शिल्हीबागी , बागाचनोगी,  भाटकीधार , कलहणी , खबलेच , जैंशला , बस्सी , कुकलाह और बाखली पंचायतें सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बूंगरैलचौक और थुनाग बाजार में असुरक्षित घरों में मलबा घुस गया, जिससे हजारों लोगों को खतरा पैदा हो गया है। लगातार बारिश ने सराज की सभी सड़कों को बंद कर दिया है। पीडब्ल्यूडी की महीने भर की मेहनत पर पानी फिर गया, क्योंकि बाखलीखड्ड में बने अस्थायी कलवर्ट बह गए। 
पर्यटन नगरी जंजैहली शेष विश्व से पूरी तरह कट गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पूरा सराज अंधेरे में डूबा हुआ है। उधर, गोहर उपमंडल की ज्यूणी घाटी के देवीदहड़ , जहल , जाच्छ , करनाला , तुन्ना और शाला में भारी बारिश के कारण ज्यूणी खड्ड का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। लोग डर के चलते घरों से बाहर निकल आए हैं। गोहर, स्यांज, नांडी और पंडोह के निवासियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर ज्यूणी खड्ड के किनारे रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। 
उधर चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट हाईवे पर लूणा, खदामुख, केरु पहाड़ के पास भूस्खलन हुआ। मौके पर मौजूद मशीनरी ने हाईवे बहाल कर दिया है। इसके अलावा जिला में 14 संपर्क मार्ग, 28 बिजली ट्रांसफार्मर और 42 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। भटियात विधानसभा क्षेत्र कालीधार में सड़क धंसने और सड़क क्षतिग्रस्त होने से प्रदेश और देश से कटा हुआ है। वहीं चुराह उपमंडल बंजली-चरोड़ी मार्ग भूस्खलन से पिछले एक सप्ताह से बंद है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्षेत्र में खाद्य सामग्री, एलपीजी सिलिंडर, सब्जियां समेत अन्य सामान खत्म हो चुका है। 
वहीं क्षेत्र में 15 गाड़िया फंसी हैं। प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 4 अगस्त तक 192 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 301 लोग घायल हुए हैं। 36 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 81 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है।  बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 1,990 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 1,524 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,546 पालतु पशुओं की मौत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 1,75,363.84 लाख रुपये पहुंच गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow