पुलिस ने सुलझाई दंपति की हत्या की गुत्थी, वारदात के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपी गिरफ्तार 

प्रदेश के जिला बिलासपुर स्थित बरमाणा थाना के तहत ग्राम पंचायत सिकरोहा के चंदपुर (भोजपुर) गांव में हुई पति-पत्नी की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पड़ोसी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी के लिए बुजुर्ग दंपती की हत्या

Jun 10, 2024 - 19:58
 0  87
पुलिस ने सुलझाई दंपति की हत्या की गुत्थी, वारदात के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपी गिरफ्तार 

यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर    10-06-2024

प्रदेश के जिला बिलासपुर स्थित बरमाणा थाना के तहत ग्राम पंचायत सिकरोहा के चंदपुर (भोजपुर) गांव में हुई पति-पत्नी की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पड़ोसी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी के लिए बुजुर्ग दंपती की हत्या की थी। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मृतक दंपती के बेटे ने पुलिस को बताया था कि गांव का ही रहने वाला एक व्यक्ति उनके घर पर अक्सर आता-जाता रहता है। उसे घर की हर गतिविधि की भी जानकारी होती है। पुलिस ने उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। पहले वह सहयोग करने में आनाकानी करता रहा। सख्ती करने पर उसने वारदात के बारे खुलासा किया।

साथ ही वारदात में शामिल अपने दो साथियों के नाम भी बताए। अन्य दो साथी अपने घरों पर नहीं मिले। उनकी लोकेशन चंडीगढ़ के माजरा के आसपास में पाई गई। पुलिस की दो टीमें माजरा भेजी गईं, वहां से कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों साथियों को भी पकड़ लिया। 

आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी शनिवार रात को चोरी की वारदात को अंजाम देने गए थे। इसी बीच बुजुर्ग दंपती से उनका सामना हो गया। आरोपियों ने उनकी गोशाला में तेजधार दराटी से गले के पास वार कर निर्मम हत्या कर दी।

दोहरे हत्या कांड को अंजाम देने वाले आरोपियों में 22 साल का युवक भी शामिल है। आरोपियों की पहचान पड़ोसी भूराराम(37) पुत्र छोटा राम निवासी गांव भोजपुर डाकघर सुई सुरहाड़ जिला बिलासपुर, सुमन कुमार (22) पुत्र चमारू राम गांव बोही डाकघर बैरल तहसील अर्की जिला सोलन और मनोज कुमार उर्फ मंत्री (34) पुत्र कृष्ण चंद निवासी गांव खारसी डाकघर साई खारसी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow