सीएम ने भटियात विस क्षेत्र में 75 करोड़ की 9 विकासात्मक परियोजनाओं के किए लोकार्पण और शिलान्यास  

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र में 75 करोड़ रुपये की 9 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने चंबा चुवाड़ी टनल की फीजिबिटिलटी रिपोर्ट के लिए चार करोड़ रुपए प्रदान करने की भी घोषणा

Mar 12, 2024 - 13:43
 0  4
सीएम ने भटियात विस क्षेत्र में 75 करोड़ की 9 विकासात्मक परियोजनाओं के किए लोकार्पण और शिलान्यास  

क्षेत्र में सिविल कोर्ट, डीएसपी कार्यालय, मिनी सचिवालय व स्नातकोत्तर महाविद्यालय खोलने की घोषणा

यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा    12-03-2024

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र में 75 करोड़ रुपये की 9 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने चंबा चुवाड़ी टनल की फीजिबिटिलटी रिपोर्ट के लिए चार करोड़ रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की। 

उन्होंने कहा कि भट्टियात के लिए जल शक्ति विभाग का नया मण्डल खोला जाएगा और डलहौजी में भी जल शक्ति विभाग का मण्डल बना रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह साधारण परिवार से संबंध रखते हैं और कड़ी मेहनत व संघर्ष के बूते पर आज जनसेवक के रूप में कार्यरत हैं। 

आम लोगों के लिए कुछ करने की दृढ़ इच्छाशक्ति से ही आर्थिक चुनौतियों के बावजूद जनकल्याण के लिए योजनाएं आरंभ करने की प्रेरणा मिली है। अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की तथा सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने सत्ता की लालसा में अफवाहें फैलाई। 

आम लोगों का बजट पास न हो, इसका षड्यंत्र रचा गया। बजट 2024-25 में आम आदमी की आवाज है और 40 वर्षों में पहली बार ऐसा बजट प्रस्तुत किया गया जिसमें समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। इसमें राज्य सरकार द्वारा 1.15 लाख विधवाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च वहन करने का प्रावधान है। 

मनरेगा मजदूरी में बढ़ौतरी, गाय के दूध का खरीद मूल्य बढ़ाकर 45 रुपए और भैंस के दूध का 55 रुपए करने तथा पुलिस की डाइट मनी बढ़ाकर एक हजार रुपये करने की बात है। कर्मचारियों को चार प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया गया है। बजट में प्राकृतिक खेती पद्धति से पैदा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 40 रुपए तथा मक्की का 30 रुपए तय किया गया है। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल ने इतिहास की सबसे बड़ी आपदा का सामना किया और अपने सीमित संसाधनों से राज्य सरकार ने 4500 करोड़ रुपए का विशेष राहत पैकेज आपदा प्रभावितों के लिए जारी किया। आम लोगों को राहत प्रदान करने के लिए राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। 

भ्रष्टाचार पर सख्त कदम उठाते हुए वर्तमान राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग को भंग किया और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया। 

सरकारी क्षेत्र में राज्य सरकार 22 हजार नौकरियां प्रदान कर रही है। प्रदेश में संवैधानिक परम्पराओं का बखूबी निर्वहन करने की दिशा में कुलदीप सिंह पठानिया के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईमानदारी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए उनका नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भटियात तहसील में गांव सारना, सिलोह, चलाड़ी और समीपवर्ती क्षेत्रों के लिए 2.20 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना और तहसील भटियात में उपरली बडीगी व निचली बडीगी के लिए 1.17 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर विधायक नीरज नैयर व मलेंद्र राजन, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, जिला चंबा के कार्यकारी कांग्रेस अध्यक्ष कमल ठाकुर, उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल सहित अन्य उपस्थित थे।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow