हिमाचल में आई त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे केंद्र सरकार : प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने आपदा का मजबूती के साथ एकजुट होकर सामना किया है और राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, सभी मंत्री और कांग्रेस के विधायकों ने ग्राउंड जीरो पर रहकर लोगों की मदद

Sep 12, 2023 - 15:41
 0  14
हिमाचल में आई त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे केंद्र सरकार : प्रियंका गांधी

यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू      12-09-2023

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कुल्लू में भारी बारिश के कारण आपदाग्रस्त स्थानों का दौरा किया और प्रभावितों से भेंट की। दोनों नेताओं ने कुल्लू के संगम ब्रिज तथा मनाली के आलू ग्राउंड सहित विभिन्न स्थानों का बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। 

मनाली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने आपदा का मजबूती के साथ एकजुट होकर सामना किया है और राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, सभी मंत्री और कांग्रेस के विधायकों ने ग्राउंड जीरो पर रहकर लोगों की मदद की है।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोग श्रमदान कर रहे हैं और बढ़-चढ़ कर आर्थिक मदद भी प्रदान कर रहे हैं। जिस भावना के साथ राज्य के सभी लोगों ने इस मुश्किल घड़ी का सामना किया है, वह पूरे देश के लिए मिसाल है। 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को हिमाचल प्रदेश की मदद करते हुए यह नहीं देखना चाहिए कि राज्य में कांग्रेस की सरकार है या भाजपा की। प्रियंका गांधी ने कहा कि आपदा में बागबानों और किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है और केंद्र सरकार को उनके बारे में भी सोचना चाहिए। 

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन में भी वह रात्रि भोज के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले और उनसे राज्य में बारिश से हुए नुकसान को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने स्वयं आपदा से हुए नुकसान को अपनी आंखों से देखा है और इससे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी हिमाचल प्रदेश का दौरा कर चुके हैं।

इस अवसर पर कुल्लू फल उत्पादक एवं मंडल कटराई ने आपदा राहत कोष में 5 लाख रुपये तथा मनाली निवासी ऊषा राणा ने एक लाख रुपये के चेक मुख्यंमत्री को प्रदान किए। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक भुवनेश्वर गौड़ और रवि ठाकुर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, उपायुक्त आशुतोष गर्ग सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow