सामाजिक विषमताओं को समाप्त करने में शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान : संजय अवस्थी

मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि सामाजिक विषमताओं को समाप्त करने में शिक्षा महत्वपूर्ण

Dec 26, 2023 - 19:09
 0  7
सामाजिक विषमताओं को समाप्त करने में शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान : संजय अवस्थी

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन    26-12-2023

मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि सामाजिक विषमताओं को समाप्त करने में शिक्षा महत्वपूर्ण है।  

उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर लड़कियों ने यह सिद्ध किया है कि अवसर मिलने पर वह सभी से बेहतर कार्य कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का एक उद्देश्य नर-नारी के असमान भेद को समाप्त करना भी है। प्रदेश सरकार आधुनिक एवं नैतिक मूल्य परक शिक्षा प्रदान कर युवा पीढ़ी को बेहतर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में कार्यरत है।

मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थी को शिक्षा तथा अभिभावक संस्कार देकर उनके जीवन को सम्पूर्ण बनाते हैं। विद्यार्थी जीवन को सही दिशा देने में शिक्षक और अभिभावक का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इन दोनों के समन्वय से ही युवा बेहतर नागरिक बनते हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। इससे जहां विद्यार्थी को आगे बढ़ने में सहायता मिलती है वहीं परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहन भी प्राप्त होता है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिक्षा में गुणवत्ता को बढ़ने के प्रति गम्भीर प्रयास कर रहे हैं। 

गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के दृष्टिगत राज्य में सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई आरम्भ की जाएगी। इस निर्णय से विद्यार्थी भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए और बेहतर तरीके से तैयार होंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित होने वाले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल इस दिशा में पूरे देश के लिए आर्दश बनेंगे।  

संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश के लोगों की आर्थिकी को मज़बूत करने के लिए सरकार द्वारा शीघ्र ही हिम गंगा योजना आरम्भ की जाएगी। इस योजना के तहत पशुपालकों को दूध उत्पादों का उचित मूल्य दिलाया जाएगा। इस योजना पर लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ज़िला कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, ग्राम पंचायत चमदार के प्रधान कर्म चंद, ग्राम पंचायत दिग्गल के प्रधान पवन कौशल, ग्राम पंचायत धरमाणा के प्रधान राम चंद, ग्राम पचंायत जयनगर के प्रधान राज कुमार, ग्राम पंचायत लग के प्रधान सागर, ग्राम पंचायत चमदार के उप प्रधान कमलेश कुमार, ग्राम पंचायत चमदार के पूर्व प्रधान गीता राम, वन मण्डलाधिकारी नालागढ़ एच.के. गुप्ता, विकास खण्ड अधिकारी नालागढ़ गौरव धीमान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमधार के प्रधानाचार्य अशोक कुमार, एस.एम.सी प्रधान ओम प्रकाश सहित अन्य  व्यक्ति तथा छात्र व अभिभावक उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow