हिमाचल की जनता आने वाले चार जून को एक नहीं दो सरकारें चुनेंगी : जयराम ठाकुर 

हिमाचल की जनता आने वाले चार जून को एक नहीं दो सरकारें चुनने जा रही है। ये मात्र लोकसभा का चुनाव नहीं है। हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जनता 14 महीनों की सरकार को चलता कर नई सरकार चुनेगी

Mar 29, 2024 - 20:18
 0  30
हिमाचल की जनता आने वाले चार जून को एक नहीं दो सरकारें चुनेंगी : जयराम ठाकुर 

मुख्यमंत्री सुक्खू के कारण बनी ये परिस्थितियां, भाजपा को दोष देना बंद करें कांग्रेसी

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी   29-03-2024

हिमाचल की जनता आने वाले चार जून को एक नहीं दो सरकारें चुनने जा रही है। ये मात्र लोकसभा का चुनाव नहीं है। हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जनता 14 महीनों की सरकार को चलता कर नई सरकार चुनेगी। 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जितना मर्जी जोर अपनी सरकार बचाने के लिए लगा लें लेकिन ये झूठी सरकार टिकने वाली नहीं है क्योंकि आज से ठीक एक माह पहले ही ये कांग्रेस सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। 

अपने गृह क्षेत्र सराज के थुनाग में आयोजित भाजपा त्रिदेव सम्मेलन में ये  दावा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवम सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने कहा कि ये मात्र लोकसभा नहीं हिमाचल में  नई सरकार चुनने का भी अवसर है। राज्यसभा चुनाव के बाद आज मुख्यमंत्री सुक्खू के कारण ही ये परिस्थितियां बनी है। 

क्योंकि उनके कामकाज के तौर तरीकों से न उनके अपने विधायक खुश हैं और न कांग्रेस संगठन। कांग्रेस  के लोग ही उनके काम पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में भाजपा को दोष देना कांग्रेसी नेता बंद करें। 

उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री के कारण कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही चुनाव लडने से दूर भाग रही है। कह रही है कि काम न होने से कार्यकर्ता नाराज हैं। उनके कैबिनेट सहयोगी ही इस यारों की सरकार से परेशान हैं और रोते हुए कैबिनेट से बाहर भाग रहे हैं। अपने विधायकों को जेड प्लस सुरक्षा दे रखी है ताकि वे कहीं भाग न जाएं।

अब पता चला है कि सरकार बचाने के लिए वे भी विदेश भाग गए हैं जबकि इधर इस्तीफे स्वीकार होने की निर्दलीय विधायक राह देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम न्यायालय में इस मामले को ले जा रहे हैं। लोकतंत्र में ऐसा करना सही नहीं है। विधायक अपनी इच्छा से सदस्यता छोड़ रहे हैं जब उन्हें लगा कि ये सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से मामले दर्ज कर प्रताड़ित करने पर तुली हुई है। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक दशक में हुए ऐतिहासिक कार्यों के आधार पर कह सकता हूं कि कोई ताकत ऐसी नहीं है जो नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोक सके क्योंकि ये दीवार पर लिखी हुई इबारत है। सराज भाजपा के कार्यकर्ता समर्पण भाव के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल करने की क्षमता रखते हैं। 

मेरी गैर मौजूदगी में भी मेरे कार्यकर्ता साथी अपेक्षा से अधिक कार्य करके दिखाते हैं। मुझे विश्वास है कि सराज भाजपा का पूरा परिवार आगामी लोकसभा चुनाव में भी पार्टी की जीत के लिए अहम भूमिका निभाएगा। इस मौके पर मंडल भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow