शरारती तत्वों ने जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के एक डिब्बे पर किया पथराव
नंगल रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार रात को शरारती तत्वों ने जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के एक डिब्बे पर पथराव कर दिया। इस घटना में ट्रेन के एक डिब्बे के शीशे टूट गए, इससे यात्रियों में डर का माहौल पैदा
यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना 05-02-2026
नंगल रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार रात को शरारती तत्वों ने जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के एक डिब्बे पर पथराव कर दिया। इस घटना में ट्रेन के एक डिब्बे के शीशे टूट गए, इससे यात्रियों में डर का माहौल पैदा हो गया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यात्री यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि पथराव नंगल के पास हुआ और रेलवे को ट्रेन में सुरक्षा बढ़ाने की आवश्यकता है।
आरपीएफ थाना नंगल के प्रभारी इंस्पेक्टर गिरिराज प्रसाद मीणा ने इस कहा कि उनके पास इस घटना की कोई शिकायत नहीं आई है और न ही इसकी जानकारी है। उन्होंने यह भी बताया कि रेलवे पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करती है। यदि पथराव की घटना हुई है तो वे इसकी जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करेंगे।
पिछले कुछ समय से रेल गाड़ियों पर पत्थरबाजी की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार रात की घटना में टूटे हुए शीशे और घबराए हुए यात्रियों का दृश्य साफ दिख रहा है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए।
यात्रियों नरिंद्र कुमार, विनोद कुमार, वंदना कुमारी और रमेश चंद का कहना है कि यदि जल्द ही रेल खंडों पर कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना घट सकती है। इससे पहले भी जिले में दिल्ली-ऊना जनशताब्दी एक्सप्रेस और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं।
What's Your Reaction?

