प्रदेश में 22 और 23 अक्तूबर को बारिश-बर्फबारी की संभावना

हिमाचल प्रदेश में दो दिन बाद मौसम फिर से करवट बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 22 और 23 अक्तूबर को बारिश-बर्फबारी की संभावना बताई

Oct 20, 2023 - 13:51
 0  129
प्रदेश में 22 और 23 अक्तूबर को बारिश-बर्फबारी की संभावना

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     20-10-2023

हिमाचल प्रदेश में दो दिन बाद मौसम फिर से करवट बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 22 और 23 अक्तूबर को बारिश-बर्फबारी की संभावना बताई है। हालांकि इस दौरान भारी बारिश व बर्फबारी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन बारिश की हल्की बौछारें व बर्फ के फाहे गिरने की संभावना है। 

मौसम विभाग के अनुसार 20 व 21 तथा 24 व 25 अक्तूबर को राज्य में मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क रहेगा, लेकिन 21 अक्तूबर की रात्रि से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे मैदानी, मध्यम क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावनाएं हैं। 

पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा और गुरुवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश हिस्सों में सूर्यदेव के दर्शन हुए हैं। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री, शिमला में 19.8, जबकि केलांग में न्यूनतम तापमान-0.9 डिग्री दर्ज हुआ है। 

अक्तूबर माह में ही कई वर्षों का बर्फबारी का रिकार्ड तोडऩे वाले इस दौर के कारण प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आए गए हैं। शिमला के नारकंडा में इस बार हिमपात हो चुका है, वहीं चांशल घाटी सहित चूड़धार की चोटी में बर्फबारी हो चुकी है। चंबा, लाहुल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा की ऊंची चोटियां सफेद चादर ओढ़ेे हुए हैं। 

यही कारण है कि अब न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंचने लगा है। केलांग का तापमान माइनस में चला गया है, जबकि प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे चला हुआ है। इनमें कल्पा में 1.8, मनाली में 4.1, रिकांगपिओ 4.9 डिग्री न्यूनतम तापमान है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow