राज्यपाल ने पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और संरक्षण के बीच संतुलन बनाने पर दिया बल  

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने समाज के सभी वर्गों से वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा बनने और पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने में अपना सहयोग देने की अपील की है। राज्यपाल ने कहा कि वन हमारे ग्रह के फेफड़े हैं जो हमें ऑक्सीजन प्रदान करते

Jul 1, 2024 - 10:19
 0  6
राज्यपाल ने पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और संरक्षण के बीच संतुलन बनाने पर दिया बल  

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    01-07-2024

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने समाज के सभी वर्गों से वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा बनने और पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने में अपना सहयोग देने की अपील की है। राज्यपाल ने कहा कि वन हमारे ग्रह के फेफड़े हैं जो हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं और विविध पारिस्थितिकी तंत्र को सहारा प्रदान करते हैं। 

वृक्षारोपण पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अभियान शुरू करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार एक पेड़ दस पुत्रों के समान होता है।

उन्होंने पहाड़ी राज्य होने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में जलवायु परिस्थितियों में तेजी से हो रहे बदलावों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राजधानी शिमला भी इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने राज्य के विभिन्न हिस्सों में हाल ही में जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में वनों की कटाई इसका एक मुख्य कारण है।

राज्यपाल ने इस अवसर पर देवदार का पौधा भी रोपा। उन्होंने सोसायटी द्वारा आयोजित पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। हिमगिरी कल्याण आश्रम सोलन के बच्चों द्वारा वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालने वाला एक लघु नाटक भी प्रस्तुत किया गया।

सोसाइटी के अध्यक्ष अजय शर्मा ने संस्था की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सोसाइटी द्वारा इस वर्ष 1000 पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, सभ्या रि-फोरेस्टर्स सोसाइटी के सचिव रिपु दमन तथा वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow