प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड किए जारी
हिमाचल प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों का इंतज़ार अब खत्म हुआ। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। तीन मार्च से परीक्षाओं का आगाज होगा
यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला 28-02-2026
हिमाचल प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों का इंतज़ार अब खत्म हुआ। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। तीन मार्च से परीक्षाओं का आगाज होगा। बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि छात्रों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है।
अब परीक्षार्थी बिना किसी भाग-दौड़ के बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल इंडिया की दिशा में कदम बढ़ाते हुए बोर्ड ने यह सुनिश्चित किया है कि छात्रों को एडमिट कार्ड के लिए परेशान न होना पड़े।
डा. शर्मा के अनुसार, विद्यार्थी अब बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर सीधे या अपने संबंधित स्कूल लॉगिन के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने स्कूलों और एसओएस केंद्रों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों का समय पर मार्गदर्शन करें, ताकि परीक्षा के तनाव के बीच उन्हें कागजी कार्रवाई की चिंता न सताए।
बोर्ड अध्यक्ष ने छात्रों और अभिभावकों के लिए एक ज़रूरी अलर्ट भी जारी किया है। उन्होंने अपील की है कि एडमिट कार्ड मिलते ही उसमें अपना नाम, जन्मतिथि और विषयों की बारीकी से जांच कर लें।
यदि कहीं भी कोई छोटी सी भी गलती नजऱ आए, तो तुरंत अपने स्कूल या एसओएस केंद्र के जरिए बोर्ड को सूचित करें। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वे किसी भी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे और त्रुटियों का सुधार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
What's Your Reaction?



