प्रदेश के शिवालयों में दर्शन के लिए शिवभक्तो की उमड़ी भीड़, भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठे शिवालय

महाशिवरात्रि पर हिमाचल प्रदेश के शिवालयों में शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। शिवालय भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठे। धार्मिक स्थल बिजली महादेव में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा

Mar 8, 2024 - 13:26
 0  22
प्रदेश के शिवालयों में दर्शन के लिए शिवभक्तो की उमड़ी भीड़, भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठे शिवालय

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    08-03-2024

महाशिवरात्रि पर हिमाचल प्रदेश के शिवालयों में शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। शिवालय भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठे। धार्मिक स्थल बिजली महादेव में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। 

सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बिजली महादेव के दर्शन किए। मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला सुबह 5:00 बजे से शुरू हो गया था। बिजली महादेव में शिवरात्रि के चलते चहल-पहल बनी हुई है। 

मंदिर कमेटी की ओर से बिजली महादेव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। देवता के बिजली महादेव के कारदार विनेंद्र जंबाल ने कहा कि श्रद्धालुओं से बिजली महादेव क्षेत्र में कचरा नहीं फैलाने की अपील की गई है। मंडी जिले के बाबा भूतनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजा की। 

ज्वालामुखी के शिव मंदिरों व प्राचीन लाल शिवालय मंदिर में महाशिवरात्री बड़ी धूम-धाम से मनाई गई। लाल शिवालय मंदिर में सुबह से ही शिव भक्त शिव का पूजन करने पहुंचे।  शिव भक्तों ने भोले नाथ का दूध, गंगाजल, दही, शहद, शक्कर व फल, भांग धतूरा  आदि से जलाभिषेक किया। लाल शिवालय में भक्तों के लिए फलाहार का भंडारा भी लगाया गया।  पुजारी अविनेद्र शर्मा ने बताया कि लाल शिवालय मंदिर में शिवरात्रि का विशेष पूजन किया गया। 

शिवरात्रि पर्व शिव शंकर भगवान का सबसे बड़ा त्योहार है। आज ही के दिन भोले नाथ का विवाह माता पार्वती से संपन्न हुआ था। भोलेनाथ अपने सभी भक्तों की मनोकामनाओं को पूरी करते हैं। प्राचीन लाल शिवालय मंदिर में फलाहार के भंडारे का भी आयोजन किया गया। 

वहीं ज्वालामुखी के सभी छोटे बड़े शिव मंदिरों में भी शिवरात्रि धूमधाम से मनाई जा रही और कई जगहों पर भंडारे का आयोजन किया गया।भक्तों ने लाइनों में लगकर पावन पिंडी के दर्शन किए।  शिवालयों में भोले बाबा के भजन गूंजते रहे। इससे माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow