सीएम राहत कोष में एक दिन का वेतन देगा सीटीए , तिब्बती लोकतंत्र दिवस की 63 वीं वर्षगांठ आयोजित 

निर्वासित तिब्बती लोकतंत्र दिवस की 63वीं वर्षगांठ आज धर्मशाला के मैक्लोडगंज में मनाई गई। इसे निर्वासित तिब्बती संसद की स्थापना वर्षगांठ के रूप में भी जाना जाता है। तिब्बती सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित निर्वासित तिब्बती सरकार के नेता इस अवसर को मनाने के लिए शनिवार को धर्मशाला के मैकलोडगंज के मुख्य बौद्ध मंदिर में एकत्र हुए

Sep 2, 2023 - 20:11
 0  9
सीएम राहत कोष में एक दिन का वेतन देगा सीटीए , तिब्बती लोकतंत्र दिवस की 63 वीं वर्षगांठ आयोजित 
यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला  02-09-2023

निर्वासित तिब्बती लोकतंत्र दिवस की 63वीं वर्षगांठ आज धर्मशाला के मैक्लोडगंज में मनाई गई। इसे निर्वासित तिब्बती संसद की स्थापना वर्षगांठ के रूप में भी जाना जाता है। तिब्बती सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित निर्वासित तिब्बती सरकार के नेता इस अवसर को मनाने के लिए शनिवार को धर्मशाला के मैकलोडगंज के मुख्य बौद्ध मंदिर में एकत्र हुए। कार्यक्रम में सांसद मार्गरेटा एलिज़ाबेथ सीडरफेल्ट के नेतृत्व में स्वीडिश सांसदों सहित 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज यहां विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। 
बता दें कि आज ही के दिन 1960 में दलाई लामा और 80 हजार निर्वासित तिब्बतियों के धर्मशाला में आगमन के बाद निर्वासित तिब्बती संसद की स्थापना की गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत तिब्बती राष्ट्रगान से हुई। हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के कारण इस वर्ष निर्वासित तिब्बती सरकार के 63वें लोकतंत्र दिवस पर किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया। इस मौके पर सिक्योंग (राजनीतिक नेता) निर्वासित तिब्बती सरकार के राष्ट्रपति पेम्पा त्सेरिंग ने अपना आधिकारिक बयान पढ़ा और स्पीकर सोनम तेनफेल ने निर्वासित संसद का बयान पढ़ा। 
निर्वासित तिब्बत सरकार के राष्ट्रपति  ने विदेशी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वीडिश सांसद मार्गरेटा एलिज़ाबेथ भी दुनियाभर में तिब्बतियों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की। अपने संबोधन में तिब्बती निर्वाचित सरकार के राष्ट्रपति ने कहा कि हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा के चलते केंद्रीय तिब्बती प्रशासन द्वारा ( सीटीए ) मुख्यमंत्री राहत कोष में एक दिन का वेतन देंगे। 
उन्होंने हिमाचल प्रदेश में पिछले दो महीनों के दौरान हुई प्राकृतिक आपदा पर भी चिंता व्यक्त की। शनिवार को धर्मशाला में 63वें लोकतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सीटीए अध्यक्ष/सिक्योंग पेन्पा त्सेरिंग ने घोषणा की कि सभी सीटीए स्टाफ सदस्य अपना एक दिन का वेतन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री राहत कोष में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कहा कि केंद्रीय तिब्बती प्रशासन अपनी ओर से जो भी संभव मदद होगी वह प्रदेश सरकार की करेगी। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow