हिमाचल में उड़ेंगे मानव पंरिदे , 13 नवंबर से पैराग्लाइडिंग प्री एक्यूरेसी कप की होगी शुरुआत

धर्मशाला के नरवाना क्षेत्र में 13 से 17 नवंबर तक मानव परिंदे आसमान में अठखेलियां करते नजर आएंगे। धर्मशाला क्षेत्र में पहली बार पैराग्लाइडिंग की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता हो रही है। हालांकि बीड़ बिलिंग में वर्षों से पैराग्लाइडिंग के हर फॉर्मेट की प्रतियोगिताएं हो चुकी

Nov 12, 2023 - 19:38
 0  15
हिमाचल में उड़ेंगे मानव पंरिदे , 13 नवंबर से पैराग्लाइडिंग प्री एक्यूरेसी कप की होगी शुरुआत
यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला  12-11-2023
धर्मशाला के नरवाना क्षेत्र में 13 से 17 नवंबर तक मानव परिंदे आसमान में अठखेलियां करते नजर आएंगे। धर्मशाला क्षेत्र में पहली बार पैराग्लाइडिंग की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता हो रही है। हालांकि बीड़ बिलिंग में वर्षों से पैराग्लाइडिंग के हर फॉर्मेट की प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं, लेकिन धर्मशाला में पहली बार ऐसा हो रहा है। पांच दिन तक देश-विदेश के पायलट जीत दर्ज करने के लिए पैराग्लाइडिंग करते हुए लैंडिंग के समय सटीकता का प्रदर्शन करेंगे। 
धर्मशाला से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित नरवाणा ठेहडू में 13 से 17 नवंबर तक पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप होगा। प्रतियोगिता के लिए अभी तक भारत व अन्य देशों से 93 पायलटों ने पंजीकरण करवाया है। पंजीकरण कराने वाले पायलटों में 80 पायलट भारत के हैं। इसके अलावा 10 नेपाल, एक स्पेन और दो मैक्सिको के पायलटों ने पंजीकरण करवाया है। प्रतियोगिता में अधिकतर 120 पायलटों को स्वीकृति दी जाती है। प्री वर्ल्ड कप में महिला व पुरुष दोनों वर्गों के अलग-अलग टास्क होंगे। 
महिला वर्ग में नौ पायलटों ने पंजीकरण कराया है। महिला पायलटों में भारत की पांच पायलट हैं। इसके अलावा दो-दो पायलट नेपाल व मैक्सिको से हैं। 13 नवंबर को प्री वर्ल्ड कप का शुभारंभ धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा करेंगे। पांच दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में रोजाना शाम को सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी। 
प्री वर्ल्ड कप के आयोजकों ने तय किया है कि सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचल के कलाकारों को ही बुलाया जाएगा।आयोजन स्थल ठेहडू नरवाना साइट इसी साल अस्तित्व में आई है। नरवाणा एडवेंचर क्लब की ओर से यह साइट चयनित की गई थी। इसी साल अप्रैल में ही इस साइट को पैराग्लाइडिंग फेडरेशन और प्रदेश सरकार से स्वीकृति मिली है। पहले ही साल इस साल पर अंतरराष्ट्रीय आयोजन हो रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow