आपदा पीड़ितों के पुनर्वास को लेकर तत्परता से कार्य कर रही हिमाचल सरकार : हर्षवर्धन चौहान

उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल सरकार आपदा पीड़ितों को राहत प्रदान करने और उनके पुनर्वास को लेकर पूरी तत्परता से कार्य कर रही

Sep 2, 2023 - 15:39
 0  10
आपदा पीड़ितों के पुनर्वास को लेकर तत्परता से कार्य कर रही हिमाचल सरकार : हर्षवर्धन चौहान

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी     02-09-2023

उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल सरकार आपदा पीड़ितों को राहत प्रदान करने और उनके पुनर्वास को लेकर पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। सरकार ने राहत व पुनर्वास कार्यो में तेजी लाने के लिए सभी उपायुक्तों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई है।

उद्योग मंत्री जिला आपदा राहत समिति के अध्यक्ष के नाते शुक्रवार को मंडी जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने सुंदरनगर और बल्ह उपमंडल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जाकर नुकसान का जायजा लिया तथा वहां पीड़ित लोगों से मिलकर उनका दुख दर्द बांटा और सरकार की ओर हर तरह से मदद का भरोसा दिया। 

उन्होंने जिला प्रशासन के राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा भी की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर उनके साथ रहे।

उद्योग मंत्री ने कहा कि संकट के इस समय में प्रदेश सरकार पूरी मजबूती से लोगों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जाकर राहत व पुनर्वास कार्यों का जायजा ले रहे हैं। प्रभावितों के दुख-दर्द को सुन रहे हैं और उनकी सहायता के लिए तत्परता से प्राथमिकता पर कार्य किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने पीड़ितों की व्यापक मदद के लिए राहत मैनुअल में बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार द्वारा प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए उठाए कदमों की विश्व बैंक तथा नीति आयोग के अध्यक्ष ने भी सराहना की है।

इस दौरान पत्रकारों से हुई बातचीत में श्री चौहान ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में आपदा से करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अकेले मंडी जिले में ही इस मानसून सीजन के दौरान बारिश और बाढ़ के कारण लगभग 1500 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है, जिसमें सरकारी व निजी सम्पति सम्मिलित है। 

वहीं जिले में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अलग अलग हादसों में 23 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। दो हजार से अधिक घर पूरी तरह या आंशिक रूप  से क्षतिग्रस्त हुए हैं। लगभग 1200 लोगों को जिला के विभिन्न स्थानों पर 17 राहत शिविरों में ठहराया गया है, जहां सरकार ने उनके निःशुल्क भोजन व ठहरने की व्यवस्था की है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि मंडी जिले में भूस्खलन के कारण बाधित सड़कों में से 95 प्रतिशत सड़कों पर यातायात बहाल कर लिया गया है। अब जिले में केवल 25 सड़कें बंद हैं, वहां के लिए भी वैकल्पिक सड़क से लोगों को आवाजाही की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा सड़क, बिजली, पानी की सुविधा की त्वरित बहाली के लिए उठाए कदमों समेत प्रभावितों के लिए चलाए राहत एवं पुनर्वास के कार्यों की सराहना की।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर तथा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर, कांग्रेस नेता तथा नाचन से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे नरेश चौहान, कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष हिरेंद्र सेन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत शर्मा, महासचिव हरनाम सिंह, कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष प्रेमलाल, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, बीडीओ सुंदरनगर विवेक चौहान, तहसीलदार सुंदरनगर वेद प्रकाश, जिला आयुष अधिकारी मंडी डॉक्टर राजेश कालिया कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उनके साथ रहे। इस मौके अन्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow