हिमाचल में व्यवस्था का पूर्ण पतन , स्वास्थ्य सहित अछूता नहीं कोई विभाग , कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल : बिंदल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी विश्व के महान नेताओं में से एक थे। भारत रत्न के रूप में पूरा देश उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करता है। अनेक दलों को एक सूत्र में पिरो कर 28 दलों के सहयोग से एक स्थिर , मजबूत और राष्ट्रवादी सरकार चलाने का उदाहरण यदि किसी ने प्रस्तुत किया , तो वह केवल अटल बिहारी वाजपेयी जी ही थे

Dec 25, 2025 - 20:10
Dec 25, 2025 - 20:14
 0  5
हिमाचल में व्यवस्था का पूर्ण पतन , स्वास्थ्य सहित अछूता नहीं कोई विभाग , कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल : बिंदल

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  25-12-2025
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी विश्व के महान नेताओं में से एक थे। भारत रत्न के रूप में पूरा देश उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करता है। अनेक दलों को एक सूत्र में पिरो कर 28 दलों के सहयोग से एक स्थिर , मजबूत और राष्ट्रवादी सरकार चलाने का उदाहरण यदि किसी ने प्रस्तुत किया , तो वह केवल अटल बिहारी वाजपेयी जी ही थे। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सदैव अटल जी का ऋणी रहेगा। 1 दिसंबर 2002 को सोलन की विशाल रैली में अटल जी द्वारा घोषित औद्योगिक पैकेज ने हिमाचल के औद्योगिक भविष्य की दिशा बदल दी। इसी पैकेज के परिणामस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश देश का सबसे बड़ा फार्मा हब बना है और लाखों युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। 
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री पेयजल योजना सहित अटल जी की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया। हिमाचल के प्रति उनका विशिष्ट लगाव , हिमाचल वासियों के प्रति स्नेह और कवि हृदय की संवेदनशीलता आज भी लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि अटल जी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक विशिष्ट पहचान थी। कांग्रेस सरकार के समय डब्ल्यूएचओ में भारत के प्रतिनिधि के रूप में और विपक्ष के नेता रहते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व करना उनकी वैश्विक छवि और कद को दर्शाता है। ऐसे महान नेता को हम शत-शत नमन करते हैं और देश-दुनिया को उनके जीवन से सीख लेने की आवश्यकता है। डॉ. बिंदल ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आईजीएमसी में जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, वह किसी एक डॉक्टर या मरीज का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरी व्यवस्था के पतन का परिणाम है। जब सरकार के स्तर पर, मंत्रियों के स्तर पर और विभागों के स्तर पर आपसी लड़ाइयां चल रही हों, तो ऐसी स्थिति को ‘जनरलाइज्ड फेल्योर’ कहा जाता है। आज डॉक्टरों में सुविधाओं के अभाव के कारण भारी असंतोष है, मरीज इलाज न मिलने से त्रस्त हैं और पूरा स्वास्थ्य तंत्र चरमरा गया है। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार एक उंगली में बीमारी होने पर पूरी उंगली काटने जैसा समाधान दे रही है, जो इलाज नहीं बल्कि अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास है। सड़कों की हालत खराब है, पेयजल व्यवस्था ध्वस्त है, परिवहन सेवाएं बदहाल हैं और अब स्वास्थ्य विभाग भी इसी कड़ी में शामिल हो गया है। प्रदेश में ऐसा कोई विभाग नहीं बचा, जो कांग्रेस सरकार की अक्षमता की मार से अछूता हो। डॉ. बिंदल ने कहा कि यह केवल किसी एक अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई करने का मामला नहीं है , बल्कि पूरी शासन व्यवस्था के पतन का परिणाम है। कांग्रेस सरकार प्रदेश को ऐसी स्थिति में ले आई है , जिससे उबरने में वर्षों लगेंगे। भाजपा ने इस व्यवस्था पतन के तीन वर्षों के खिलाफ पहले ही सरकार को आगाह किया था और 4 तारीख को प्रदेशभर में आंदोलन कर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता के सामने उजागर किया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow