कोर्ट के बाहर हुए गोलीकांड के विरोध में भाजपा ने मुख्य बाजार में किया प्रदर्शन

बिलासपुर जिला कोर्ट के बाहर हुए गोलीकांड के विरोध में शनिवार को मुख्य बाजार में भाजपा की ओर से प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की

Jun 22, 2024 - 12:26
 0  23
कोर्ट के बाहर हुए गोलीकांड के विरोध में भाजपा ने मुख्य बाजार में किया प्रदर्शन

यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर    22-06-2024

बिलासपुर जिला कोर्ट के बाहर हुए गोलीकांड के विरोध में शनिवार को मुख्य बाजार में भाजपा की ओर से प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही गोलीकांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। 

प्रदर्शन में सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे। बता दें पुलिस जांच के अनुसार पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का बड़ा बेटा पुरंजन ठाकुर गोलीकांड का  मास्टरमाइंड  निकला है। 

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक विवेक चहल ने प्रेस वार्ता कर इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गोलीकांड के मुख्य आरोपी शूटर सन्नी गिल ने पुलिस पूछताछ में पुरंजन का नाम उगलते हुए कबूला है कि उसने सारी साजिश रची थी। 

पुलिस ने पुरंजन को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई हैं। उसकी तलाश की जा रही है। हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एसपी ने कहा कि पूछताछ में लुधियाना के रहने वाले सन्नी ने बताया कि पुरंजन ने उसे सौरभ पटियाल पर गोली चलाने के लिए बुलाया था। 

इसके लिए पैसे का लेनदेन भी तय हुआ था। इसमें से कुछ रकम उसे पहले मिल गई थी और कुछ काम होने के बाद मिलनी थी। एक और आरोपी का नाम सन्नी गिल ने बताया, जिसने उसे रहने की जगह दी थी। इसमें छात्र अनमोल शर्मा उर्फ गौरव नड्डा जो अपने पिता के सरकारी आवास में चंगर में रहता है, उसने शूटर को अपने साथ रखा था। 16 जून से शूटर उसके साथ ही रुका था। 

पुलिस ने जब गौरव के पिता के आवास की तलाशी ली तो उन्हें वहां शूटर की जरूरत की सभी चीजें, कपड़े और अन्य वस्तुएं मिलीं। पुलिस ने गौरव नड्डा को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शुक्रवार को अदालत में पेश किए, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow