यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा 26-07-2025
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन एक वैश्विक चुनौती के रूप में उभर कर सामने आया है तथा इसका व्यापक प्रभाव मानवीय जीवन के प्रत्येक पहलू पर पड़ रहा है। विधानसभा अध्यक्ष आज 76वें वृत्त स्तरीय वन महोत्सव के तहत गरनोटा के समीप सरोग गांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाग लेते हुए बोल रहे थे। कुलदीप सिंह पठानिया ने इस दौरान बेलपत्र का पौधा का रोप कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में मौसम के बदलते पैटर्न के चलते भारी बारिश, बादल फटने की बढ़ती घटनाओं से होने वाली प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वन संपदा का संवर्धन और संरक्षण इनका एक दीर्घकालिक समाधान है। विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा गंभीरता के साथ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल सरकार ने पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से राजीव गांधी वन संवर्धन योजना शुरू कर प्रदेश के युवक मंडलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ पर्यावरणीय गतिविधियों को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिला में वनों के विस्तार को लेकर इस वर्ष वन विभाग द्वारा 526 हेक्टेयर क्षेत्रफल भूमि में विभिन्न प्रजातियों के चार लाख पचास हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
साथ में उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत चंबा वन वृत्त के तहत इस वर्ष 259 हेक्टेयर क्षेत्रफल भूमि में 2 लाख 60 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में भटियात विधानसभा क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। कुलदीप सिंह पठानिया को इस अवसर मुख्य वन अरण्यपाल अभिलाष दामोदरन ने शॉल-टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाने के लिए वनों का योगदान तथा वन वृत चंबा में किये जा रहे विभिन्न कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। कार्यक्रम में वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन ने स्वागत संबोधन रखते हुए डलहौजी वन मंडल के तहत 132 हेक्टेयर क्षेत्रफल वन भूमि में विभिन्न प्रजातियों के 73 हजार पौधे आरोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
साथ में उन्होंने वन संपदा के संवर्धन और संरक्षण को लेकर जारी विभिन्न कार्यों की भी जानकारी रखी। वन महोत्सव में विभिन्न विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों,ग्राम वन प्रबंधन समिति के सदस्यों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने हरड़ , बहेड़ा , आंवला , अर्जुन , जामुन , देसी आम , बेल , खिरक और धमन इत्यादि प्रजातियों का पौधरोपण कर महोत्सव में अपना योगदान दिया। सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम कृष्ण चंद्र , एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगराज, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराड़ा , अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर , नरेंद्र चौधरी स्थानीय पंचायत प्रधान कुसुम लता सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी- कर्मचारी एवं स्थानीय गण मान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।