भूस्खलन के चलते प्रशासन ने फिर रोकी मणिमहेश यात्रा , श्रद्धालुओं के लिए जारी की गाइडलाइन 

हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश का असर उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा पर भी पड़ा है। प्रशासन की ओर से रविवार दोपहर बाद फिर से रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। हड़सर से मणिमहेश की ओर जाने वाले पैदल मार्ग पर गुईनाला के समीप पत्थर गिर रहे हैं, जिससे यात्रियों को खतरा पैदा हो गया है

Aug 24, 2025 - 19:15
Aug 24, 2025 - 19:52
 0  4
भूस्खलन के चलते प्रशासन ने फिर रोकी मणिमहेश यात्रा , श्रद्धालुओं के लिए जारी की गाइडलाइन 

यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा  24-08-2025

हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश का असर उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा पर भी पड़ा है। प्रशासन की ओर से रविवार दोपहर बाद फिर से रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। हड़सर से मणिमहेश की ओर जाने वाले पैदल मार्ग पर गुईनाला के समीप पत्थर गिर रहे हैं, जिससे यात्रियों को खतरा पैदा हो गया है। वहीं, यात्रा मार्ग पर फिसलन बढ़ने के साथ ही कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। 
ऐसे में यात्रा करना सुरक्षित नहीं है। रविवार को जहां जिला चंबा के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा हुई। वहीं, भरमौर में सुबह से लेकर दोपहर तक हल्की वर्षा का दौर जारी रहा। लेकिन, दोपहर बाद वर्षा तेज हो गई, जिस कारण यात्रियों के कदम थम गए हैं। शनिवार को सुंदरासी के समीप भारी भूस्खलन होने के कारण करीब 15 घंटे तक यात्रा बाधित रही थी। रविवार सुबह छह बजे प्रशासन ने हड़सर से यात्रा शुरू कर दी थी। 
लेकिन दोपहर बाद भारी बारिश के बीच गुईनाला में पत्थर गिरने शुरू हो गए। इसके बाद सेक्टर अधिकारी की ओर से एडीएम भरमौर को सूचना दी गई, इसके बाद प्रशासन ने यात्रा पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित कैंपों में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सेक्टर अधिकारियों, पुलिस, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को भी सतर्क रहने को कहा गया है। 
हालांकि, राहत की बात यह है कि रविवार को किसी भी यात्री के साथ कोई घटना होने की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। उधर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर कुलवीर सिंह राणा ने बताया कि गुईनाला में पत्थर गिरने व वर्षा का दौर जारी रहने के चलते फिलहाल यात्रा पर रोक लगा दी गई है। सभी यात्री आगामी आदेश का इंतजार करें। मौसम साफ होने पर ही यात्रा शुरू होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow