जॉर्जिया में होने वाले यूरेशियन कप खेलेंगे हिमाचल के तीन युवा खिलाड़ी 

गुजरात के सूरत में आयोजित कूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केआईएफआई) के ट्रायल्स में हिमाचल प्रदेश के तीन होनहार युवा खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जॉर्जिया में होने वाले प्रतिष्ठित यूरेशियन कप के लिए स्थान हासिल कर लिया। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन गई है

Feb 15, 2026 - 18:00
 0  20
जॉर्जिया में होने वाले यूरेशियन कप खेलेंगे हिमाचल के तीन युवा खिलाड़ी 
यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन  15-02-2026

गुजरात के सूरत में आयोजित कूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केआईएफआई) के ट्रायल्स में हिमाचल प्रदेश के तीन होनहार युवा खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जॉर्जिया में होने वाले प्रतिष्ठित यूरेशियन कप के लिए स्थान हासिल कर लिया। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन गई है। ट्रायल्स में रामपुर शिमला के अनमोल (मुख्य वर्ग -58 किलो, 16 वर्ष से कम आयु के लड़के), सोलन हाउसिंग कॉलोनी की कैरवी नेगी (14 वर्ष से कम आयु की लड़कियां -52 किलो) और रामपुर की सृष्टि (14 वर्ष से कम आयु की लड़कियां -37 किलो) ने शानदार प्रदर्शन कर चयन सूची में अपनी जगह बनाई। 
ये तीनों खिलाड़ी अब भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे और जॉर्जिया में आयोजित यूरेशियन कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने को तैयार हैं। कूडो फेडरेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय जायसवाल ने खिलाड़ियों के चयन पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा, "ये तीनों खिलाड़ी ट्रायल्स के लिए महीनों से कड़ी मेहनत कर रहे थे। उनकी लगन और समर्पण सराहनीय है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जॉर्जिया में वे न केवल अच्छा प्रदर्शन करेंगे, बल्कि वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर देश और प्रदेश का नाम ऊंचा करेंगे। जायसवाल ने अभिभावकों, कोचों और राज्य सरकार का भी आभार जताया, जिन्होंने इन युवाओं को इस स्तर तक पहुंचाने में सहयोग दिया। कूडो एक जापानी मार्शल आर्ट है, जो स्ट्राइकिंग , ग्रैपलिंग और ग्राउंड फाइटिंग का मिश्रण है। भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रहा यह खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस सिखाता है। 
हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य से ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का उभरना राज्य के खेल बुनियादी ढांचे की मजबूती को दर्शाता है। यूरेशियन कप जैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेना इन युवाओं के लिए वर्ल्ड स्तर पर अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा अवसर है। प्रदेश के खेल प्रेमी इन तीनों सितारों से पदक की अपेक्षा कर रहे हैं। कूडो फेडरेशन ने खिलाड़ियों को ट्रेनिंग कैंप में भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि फिल्म स्टार और शिहान अक्षय कुमार व हंसी मेहुल वोरा भारत में कूडो के संस्थापक हैं। उनके प्रयासों से इस खेल को भारत में खासा मान्यता मिल रही है, जिससे हजारों युवा इसे पेशे के रूप में अपना रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow